उधमपुर। शहर के वार्ड नंबर 13 के लंबी गली मोहल्ले में आठ दिन से पानी नहीं आया है। पेयजल किल्लत से परेशान शिष्टमंडल ने शनिवार को जलशक्ति विभाग कार्यलय में पहुंचकर एक्सईएन से मुलाकात की। उन्हें अपनी समस्या से अवगत करवाया। कहा कि नई पाईपलाइन बिछाने के कार्य के चलते बीते लगभग आठ दिनों से उनके मोहल्ले में पानी की सप्लाई ठप है। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शिष्टमंडल में शामिल नरेश शर्मा, राजकुमार व अन्य ने बताया कि विभाग लंबी गली में नई पाईपें बिछाने का काम कर रहा है। कर्मचारी अब उखाड़ी गई पुरानी छह इंच की पाईप की जगह चार इंच की पाईप लगाने की बात कर रहे हैं। इससे पानी का प्रेशर कम हो जाएगा और घरों में पानी की सप्लाई प्रभावित होगी।
वहीं क्षेत्रवासियों की समस्या सुनने के बाद एक्सईएन ने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी जो भी समस्या है। उसका एक से दो दिन में समाधान कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सीवरेज कार्य के बाद से उक्त मोहल्ले में दूषित पानी की सप्लाई होने की शिकायत मिल रही थी। इसी के समाधान के लिए नई पाईपें डालने का काम शुरू किया गया है। इसमें गलियों के हिसाब से पाईपों की मोटाई का चयन किया गया है इसलिए किसी को भी पानी का प्रेशर कम होने की चिंता करने की जरूरत नहीं है। सभी घरों में जरूरत के हिसाब से बराबर पानी मिलेगा।