किश्तवाड़। जिला पुलिस कार्यालय किश्तवाड़ में सोमवार को एसएसपी नरेश सिंह की अध्यक्षता में अपराध एवं सुरक्षा को लेकर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जारी निर्देशों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही जिले में मौजूदा अपराध एवं सुरक्षा स्थिति का आकलन करने के साथ आगामी चुनौतियों से निपटने के लिए तैयारियों को परखा गया।
बैठक में किश्तवाड़, छात्रू, अठोली और मढ़वा उपमंडलों के पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति, उपलब्धियों तथा जमीनी समस्याओं से अवगत कराया।
बैठक में हालिया अपराध मामलों, लंबित जांच, मामलों के निपटारे की स्थिति तथा समयबद्ध जांच पर विशेष चर्चा की गई। इसके साथ ही जिले की समग्र सुरक्षा व्यवस्था, नाकों पर चेकिंग, रात्रि गश्त, क्विक रिस्पांस सिस्टम तथा सेना और सीआरपीएफ के साथ समन्वय की समीक्षा की गई। संवेदनशील इलाकों में क्विक रिएक्शन टीम को मजबूत करने और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
बीट प्रणाली को और सशक्त बनाने, नियमित गश्त, अद्यतन बीट बुक्स रखने तथा जमीनी स्तर से खुफिया जानकारी जुटाने पर जोर दिया गया। इसके अलावा नशा तस्करी और अवैध गो-तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज करने के निर्देश जारी किए गए।
आतंकवाद विरोधी रणनीति पर चर्चा करते हुए छात्रू और मढ़वा क्षेत्रों में विशेष सतर्कता, प्रभावी क्षेत्र नियंत्रण, सक्रिय गश्त और सघन तलाशी अभियानों पर बल दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए एसएसपी किश्तवाड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे क्षेत्र में निरंतर मौजूद रहें। जनता के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखें और किसी भी राष्ट्रविरोधी गतिविधि को समय रहते नाकाम करने के लिए प्रभावी खुफिया सूचना जुटाएं।
बैठक में अतिरिक्त एसपी, पुलिस डीएसपी मुख्यालय किश्तवाड़, एसडीपीओ मढ़वा सहित सभी थाना प्रभारी, पुलिस पोस्ट प्रभारी, जांच अधिकारी और जिला पुलिस किश्तवाड़ के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।