किश्तवाड़। जिला किराया निर्धारण समिति की बैठक में उपायुक्त राजेश कुमार शवन ने 13 किराया निर्धारण मामलों को मंजूरी दी। किराये के मामले पुलिस, राजस्व, जल शक्ति, शिक्षा, हस्तशिल्प, भेड़ पालन, स्वास्थ्य, एफसीएस व अन्य कार्यालयों से संबंधित थे।
समिति ने सरकारी कार्यालयों की विभिन्न संरचनाओं के लिए किराया निर्धारण पर चर्चा की। उपायुक्त ने अधिकारियों को संबंधित भूमि और संरचना मालिकों को किराए का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और सरकारी व किराए की संपत्तियों की सुरक्षा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने जिला अधिकारियों को अभिलेखों के उचित सत्यापन के बाद ही स्वीकृत किराया जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने समिति की अगली बैठक में भवन स्वामियों की भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया।बैठक में एडी एफसीएस एंड सीए शफकत अली कीन, तहसीलदार नागसेनी मोहम्मद रफी नाइक, एडी हैंडलूम प्रदीप शान और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।