चिनैनी। गांव टंडार में स्कूल बस का टायर चढ़ने से छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह टंडार से चिनैनी की ओर आ रही मेटाडोर जब टंडार में कॉलेज के निकट पहुंची तो छात्र नीचे गिर गया और पिछले टायर की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक विपरीत दिशा से एक अन्य वाहन के आने के चलते यह हादसा हुआ है। छात्र मेटाडोर में था और हैंडल छूटने के कारण गिर गया और उसके बाद गाड़ी का टायर छात्र पर चढ़ गया। छात्र को तुरंत सीएचसी अस्पताल लाया गया लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के हवाले कर दिया। छात्र की पहचान श्यामलाल 16 निवासी टंडार के रूप में हुई है। उधर पुलिस ने मामला दर्ज कर मेटाडोर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक मृत छात्र घर में सबसे छोटा था। वह दो भाई और एक बहन हैं।