चिनैनी। चिनैनी पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाए जाने को लेकर एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कर नोटिस जारी किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक सोमवार को सुनील कुमार नामक व्यक्ति का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। अकाउंट होल्डर ने दो वीडियो पोस्ट किए हैं। इन वीडियो में वह दावा कर रहा है कि सेना के एक जवान ने पुलिसकर्मी की हत्या कर दी है। यह खबर झूठी है और तथ्यों पर आधारित नहीं है। अकाउंट होल्डर ने गलत जानकारी फैलाई है जो चिंताजनक है और इस तरह उसने बीएनएस की धारा 353(2) के तहत अपराध किया है। पुलिस ने आरोपी की लोकेशन निकाल कर उसे नोटिस दे दिया है। एसडीपीओ सुखबीर सिंह ने बताया कि आरोपी को नोटिस दे दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और इसको लेकर कार्रवाई जारी है।