चिनैनी। चिनैनी के ब्लॉक ऑफिस से पटनीटॉप जाने वाले मार्ग से पैदल मार्ग का संपर्क कट गया है। यह चिनैनी सुद्धमहादेव मार्ग बनने के बाद कटा है। पैदल मार्ग की हालत बेहद खस्ता हो चुकी है, जिस कारण लोगों की आवाजाही भी उस मार्ग से बहुत कम हो गई है। लोगों को लंबा मार्ग तय कर आना पड़ता है। इससे उन्हें काफी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। उस मार्ग से आने वाले मक्खन लाल, कुलदीप कुमार, संजीव सिंह ने कहा कि पटनीटॉप वाले मार्ग से जुग नामक स्थान से चिनैनी के ब्लॉक ऑफिस तक काफी पुराना मार्ग था। इसके जरिए कुद, मादा, डोगरा, टमाटर मोड़ तथा अन्य जगहों से लोग आते जाते थे जो आसानी से इस मार्ग से होते हुए चिनैनी पहुंचते थे, मगर जब से चिनैनी-सुद्धमहादेव मार्ग बना है तब से इस मार्ग का संपर्क ही टूट गया है। मार्ग की हालत भी काफी खस्ता हो गई है और इस मार्ग से आने वाले लोगों के लिए परेशानियां बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि ओवर ब्रिज बना दिया जाए तो लोगों के लिए काफी समस्या दूर होगी। लोगों ने प्रशासन से समस्या पर ध्यान देने की मांग की है।