चिनैनी। लोअर मादा में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता नीतू देवी (21) की मौत हो गई। उसका शव चिनैनी सीएचसी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। मायका पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है जबकि ससुराल पक्ष ने उन पर लगे आरोपों को नकारा।
मायका पक्ष के लोगों में पूर्व सरपंच कुलदीप सिंह, महिला के भाई ज्ञानचंद, पिता प्रकाश चंद ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती, उसकी हत्या हुई है। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें कहा गया कि उनकी बेटी बीमार हो गई है और बाद में कहा गया कि उसकी लटकने से मौत हो गई है जबकि दोपहर के समय उन्होंने अपनी बेटी के साथ फोन पर बात भी की थी। मायका पक्ष के लोगों ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के विवाह को मात्र दो महीने ही हुए थे लेकिन अब उनकी बेटी इस दुनिया में नहीं रही। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए ससुरालियों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की । वहीं ससुराल पक्ष के लोगों में जेठ पवन कुमार ने आरोपों को नकारा और कहा कि ये हत्या नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मृतका के पति को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।