चिनैनी। चिनैनी के दोमेल में चौक बनाए जाने की मांग स्थानीय लोगों ने उठाई है। लोगों ने कहा कि दोमेल से तीन अलग-अलग रूटों के लिए वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में इस स्थान पर वाहन किस और मुड़ना है, इसका पता नहीं लगता और वहां पर हादसे का भी डर रहता है।
स्थानीय निवासी राकेश कुमार, चंद्र देव, पवन कुमार ने बताया कि चिनैनी के दोमेल में पटनीटॉप जाने वाला अलग मार्ग और उधमपुर की ओर जाने वाला अलग मार्ग है, जबकि चिनैनी को जोड़ने के लिए अलग सड़क जाती है। ऐसे में उस स्थान पर कुछ भी नहीं है और यदि वाहन पटनीटॉप से उधमपुर की ओर जाता है तथा उधमपुर से चिनैनी की ओर आता है तो दोमेल के पास हादसे का डर रहता है। उन्होंने कहा कि यही स्थिति चिनैनी-सुद्धमहादेव हाईवे से अलग होती चिनैनी सड़क की है और वहां भी चौक बना दिया जाए तो वाहन चालकों को पता रहेगा कि एक सड़क दूसरी और भी जाती है, अन्यथा वाहन चालकों की स्पीड अधिक होती है और इससे हादसे का भी डर हमेशा बना रहता है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि वाहन चालकों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। गौरतलब है कि कई वाहन चालक जोकि पहली बार इस सड़क पर आते हैं और वह परेशान हो जाते हैं कि किस और उनकी मंजिल है, कई बार वाहन चालक गलत रूट पर चले जाते हैं जिससे उनकी परेशानियां बढ़ जाती हैं।