उधमपुर। विधायक पवन कुमार गुप्ता ने शुक्रवार देर रात राजकीय मेडिकल कॉलेज उधमपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि मरीजों को सही समय पर उचित चिकित्सा सुविधा मिल रही है या नहीं।
निरीक्षण के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि कुछ डॉक्टर अपने तय ड्यूटी स्थल पर मौजूद नहीं थे। इस गंभीर लापरवाही को देखकर विधायक ने नाराजगी जताई और संबंधित स्टाफ को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य और भलाई को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। गुप्ता ने कहा कि डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। खासकर रात के समय जब मरीज और उनके परिवार समय पर चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल पर निर्भर रहते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मरीजों की देखभाल में किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए और जीएमसी उधमपुर आने वाले हर व्यक्ति को उचित इलाज और ध्यान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा एक जिम्मेदारी है, कोई औपचारिकता नहीं। हर मरीज को समय पर चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए और हर ड्यूटी पूरी निष्ठा के साथ निभाई जानी चाहिए।