उधमपुर। जम्मू के वेयरहाउस में आग लगने की घटना के बाद उधमपुर सहित तमाम जगहों पर भी प्रशासन हरकत में आ गया है। सोमवार को उधमपुर के बस स्टैंड पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बड़ा अभियान चलाकर भीड़भाड़ वाले इलाकों से अतिक्रमण हटवाया और अतिरिक्त गाड़ियों को बाहर निकलवाया। बस स्टैंड पर किसी समय में दर्जनों गाड़ियां लगी रहती थीं, जो दिनभर वहीं खड़ी रहती थीं। इससे किसी भी अप्रिय घटना की संभावना बनी रहती थी। अभियान के दौरान खुद एसएचओ उधमपुर सज्जाद परवेज और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गाड़ी चालकों को निर्देश दिया कि वे बस स्टैंड पर आएं और एक्स्ट्रा गाड़ियों को यहां से हटा लें। इसके साथ ही शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के कदम इसलिए उठाए जा रहे हैं ताकि आग लगने जैसी घटनाओं की स्थिति में कम से कम नुकसान हो और फायर ब्रिगेड व अन्य आपातकालीन वाहनों को रास्ता मिलने में दिक्कत न हो। जम्मू में हुए हादसे के बाद लगातार प्रशासनिक अधिकारी अलग-अलग जिलों में भीड़भाड़ वाले इलाकों में व्यवस्था को बनाए रखने का काम कर रहे हैं। उधमपुर में भी इस अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।