उधमपुर। इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इंटैक) की जम्मू चैप्टर टीम की तरफ से शहर की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का पता लगाने तथा उसके संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से उधमपुर में एक हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। इस वॉक का नेतृत्व इंटैक जम्मू चैप्टर के संयोजक एसएम साहनी ने किया।
यह हेरिटेज वॉक ओल्ड डाक बंगला से शुरू होकर ऐतिहासिक रघुनाथ मंदिर से होते हुए देविका घाट पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान इंटैक की टीम ने ओल्ड डाक बंगला, रघुनाथ मंदिर, महाकालेश्वर मंदिर, देविका घाट और देविका नदी के के दोनों तटों पर स्थित अन्य प्राचीन और ऐतिहासिक संरचनाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इंटैक के सदस्यों ने कई ऐतिहासिक धरोहरों की उपेक्षा और जर्जर स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की।
उन्होंने इन बहुमूल्य धरोहरों के उचित संरक्षण, रखरखाव और जीर्णोद्धार की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया। इस हेरिटेज वॉक में पूर्व डीजीपी डॉ. एसपी वैद, केके शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता रवि गंडोत्रा व अन्य मौजूद रहे।