उधमपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संत निरंकारी मिशन की शाखा उधमपुर की ओर से 23 अगस्त को रेलवे स्टेशन उधमपुर में ‘हार्मनी विद नेचर’ (प्रकृति के साथ सामंजस्य) के तहत प्लांटेशन ड्राइव का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में मिशन की ओर से संबंधित विभागों से आवश्यक सहयोग की अपील की गई है।
जानकारी के अनुसार संत निरंकारी मिशन मंडल की उधमपुर शाखा के संयोजक रतन लाल बामोत्रा ने इस संबंध में प्रशासन को पत्र भेजकर प्लांटेशन ड्राइव आयोजित करने की जानकारी दी है। कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना और लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पुलिस तथा सोशल फॉरेस्ट्री विभाग से आवश्यक सहयोग मांगा गया है। संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े नियमों एवं प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।