उधमपुर। उधमपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में अब युवाओं और बच्चों को खेलने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। जिला विकास आयुक्त कार्यालय उधमपुर ने विधायक पवन कुमार गुप्ता के कॉन्स्टीट्यूएंसी डेवलपमेंट फंड से 60 लाख रुपये की प्रशासनिक मंजूरी जारी कर दी है। इस राशि से क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर पार्क और खेल मैदान विकसित किए जाएंगे।
13 अगस्त को जारी आदेश के अनुसार पीडब्ल्यूडी आरएंडबी डिवीजन उधमपुर को इन कार्यों को पूरा करने का जिम्मा सौंपा गया है। इसके तहत 20 लाख की लागत से कैंबल डंगा में सरकारी भूमि पर लगभग 43 कनाल में एक बड़ा खेल मैदान बनाया जाएगा। इसी तरह ओमाड़ा में काली माता मंदिर के पीछे वार्ड नंबर 17 में 21 कनाल 10 मरला जमीन पर भी 20 लाख की लागत से पार्क और खेल मैदान विकसित होगा। तीसरा प्रोजेक्ट भी 20 लाख की लागत से गांव संसू में पूरा होगा जहां बाड़बंदी के साथ पार्क और खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा।
विधायक पवन कुमार गुप्ता ने कहा कि उधमपुर पश्चिम के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में खेल सुविधाओं की भारी कमी थी। युवा प्रतिभाएं संसाधनों के अभाव में आगे नहीं बढ़ पा रही थीं। इन तीनों नए खेल मैदानों के बनने से न केवल खेल प्रतिभाओं को निखरने का मंच मिलेगा बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि वो चाहते हैं कि हर गांव का युवा नशे से दूर रहकर खेल और शिक्षा से जुड़े।
स्थानीय लोग भी इस फैसले से बेहद खुश हैं। ग्रामीण राकेश कुमार, प्रीतम चंद, सोहन लाल और कश्मीर सिंह का कहना है कि कैंबल डंगा और संसू जैसे गांवों में लंबे समय से खेल मैदान की मांग की जा रही थी। लोगों का कहना है कि अब बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक विकास का भी मौका मिलेगा और सुबह-शाम बुजुर्गों के लिए भी पार्क एक अच्छी जगह बनेगा।
जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य निर्धारित समय और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। प्रशासन का मानना है कि इन सुविधाओं से उधमपुर पश्चिम में खेलों को एक नई पहचान मिलेगी और यहां से भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलकर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।