उधमपुर। सीमा सुरक्षा बल के सहायक प्रशिक्षण केंद्र उधमपुर में वीरवार को जम्मू-कश्मीर के सेवानिवृत्त बीएसएफ कार्मिकों और उनके परिजनों के लिए एक विशेष पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। यह अदालत धार रोड, रौन दोमेल स्थित सहायक प्रशिक्षण केंद्र परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चली। बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि इस पेंशन अदालत का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त सुरक्षा कर्मियों और उनके आश्रितों को पेंशन से जुड़ी शिकायतों और तकनीकी बाधाओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना था। अदालत में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त जवान और उनके परिजन पहुंचे और उन्होंने पेंशन से संबंधित अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। बीएसएफ के संबंधित अधिकारियों ने मौके पर ही कई समस्याओं का निस्तारण किया और बाकी मामलों को शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों को भेजा।