फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udhampur News: उधमपुर में प्रवेश करते ही काली माता मंदिर में भोले के भक्तों का हुआ भव्य स्वागत

विज्ञापन
विज्ञापन
उधमपुर। अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था जम्मू से रवाना होने के बाद सुबह करीब सात बजे उधमपुर के टिकरी स्थित काली माता मंदिर पहुंचा। यहां जिला प्रशासन, पुलिस, सीआरपीएफ के अधिकारियों के साथ गणमान्य लोगों ने जत्थे का भव्य स्वागत किया। अमरनाथ यात्रियों को हार पहनाए गए और माता की चुनरी भेंट की गई। स्वागत के बाद जत्था बम बम भोले के जयघोष लगाते हुए अगले पड़ाव की ओर रवाना हुआ।
विज्ञापन

वीरवार को जत्थे के स्वागत को लेकर सुबह लगभग 5 बजे से पहले ही डीआईजी उधमपुर रियासी रेंज शिव कुमार शर्मा और जिला विकास आयुक्त मिंगा शेरपा के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ ही गणमान्य लोग टिकरी के काली माता मंदिर में पहुंच गए थे। उनके साथ एडीसी प्रेम सिंह चिब भी मौजूद थे। अमरनाथ यात्रा का जत्था जब टिकरी पहुंचा तो डीसी और डीआईजी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने यात्रियों का हार पहनाकर, मिठाई खिलाकर, तिलक लगाकर और माता की चुनरी पहनाकर स्वागत किया। स्कूल के छात्र-छात्राओं की तरफ से काली माता मंदिर में भगवान शंकर पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए। इस मौके पर शिव तांडव का भी मंचन मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। जिसे देखकर श्रद्धालुओं ने बच्चों की जमकर सराहना की। जत्थे में कुल 4,822 श्रद्धालु 259 हल्के और भारी वाहनों के काफिले में बालटाल और पहलगाम स्थित दो बेस कैंपों के लिए रवाना हुए।
इन श्रद्धालुओं में से 2,510 पारंपरिक पहलगाम रास्ते से यात्रा कर रहे हैं जबकि 2,312 ने छोटे बालटाल रास्ते को चुना। इनमें 3,707 पुरुष, 816 महिलाएं, 16 बच्चे, 246 साधु और 37 साध्वियां शामिल हैं। काफिले में 106 बसें, 39 मध्यम मोटर वाहन, 111 हल्के मोटर वाहन और तीन दोपहिया वाहन शामिल थे।
विज्ञापन

भोले के जयकारों से गूंजी देविका नगरी
सबसे पहले बालटाल रूट का जत्था टिकरी पहुंचा। इसके कुछ देर बाद पहलगाम के रास्ते बाबा बर्फानी के दर्शन को जाने वाले श्रद्धालुओं का जत्था स्वागत स्थल पर पहुंचा। हालांकि इस दौरान जत्थों को ज्यादा देर के लिए टिकरी में नहीं रोका गया। सभी भक्तों का स्वागत करने के साथ छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। इसके बाद भक्तों में रिफ्रेशमेंट बांटकर उन्हें अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर अगले पड़ाव की ओर रवाना कर दिया। स्वागत समारोह के दौरान टिकरी का इलाका बम बम भोले के जयघोष के साथ गूंजने लगा। श्रद्धालु बम बम भोले के जयघोष लगाते हुए देविका नगरी उधमपुर से आगे की तरफ रवाना हो गए।
सुरक्षा व्यवस्था के किए गए हैं कड़े इंतजाम
यात्रा के सफल आयोजन को लेकर जिले के यात्रा रूट व आसपास के इलाकों में 3 टायर सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इसमें पुलिस, सीआईएसएफ, सेना एवं सीआरपीएफ सहित सभी सुरक्षा एजेंसियां जुटी हुई हैं। खासकर कट आफ टाइमिंग को लेकर भी सभी कट प्वांइट्स पर सुरक्षा पुख्ता की गई है। श्रद्धालु भी कट आफ टाइमिंग का ध्यान रखें क्योंकि अगर कोई जत्थे से अलग हो जाता है या फिर किसी चोर रास्ते से इधर उधर चला जाता है तो उसे आगे चलकर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है और सुरक्षा कर्मी उन्हें वापस भी भेज सकते हैं।
स्वागत देख आनंदित हुए श्रद्धालु
आगरा से आए यवक नीरज कुमार, राजिंद्र और बंगाल से आए अरविंदू ने बताया कि वो पहली बार श्री अमरनाथ यात्रा के लिए जा रहे हैं। भक्तों का स्वागत और व्यवस्था को देखकर काफी आनंद मिल रहा है। आज से हमारी यात्रा शुरू हुई है और यात्रा के स्वागत को देखकर बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर उत्साह और भी दोगुना हो गया है।
6 एंबुलेंस और 10 फर्स्ट एड कैंप स्थापित
वहीं दूसरी और सीएमओ अनिल मन्हास की देखरेख में टिकरी से लेकर नाशरी टनल तक प्राथमिक चिकित्सा सेवा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। टिकरी में 24 घंटे उपलब्ध रहने वाली फर्स्ट एड सेवा सहित पूरे रूट पर 10 कैंप लगाए गए हैं और आपात परिस्थिति में श्रद्धालुओं को उचित चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए 6 एंबुलेंस भी मौके पर तैनात की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें