उधमपुर। समाज कल्याण विभाग ने प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत ब्लॉक जगानू के गांव जोहनू और ब्लॉक उधमपुर के गांव स्याल जट्टां में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया। ग्राम सभाओं का आयोजन पीएम-अजय के आदर्श ग्राम घटक के तहत किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य सहभागी योजना के माध्यम से ग्राम विकास योजनाएं तैयार करना और उन्हें अंतिम रूप देना था।
इस दौरान कृषि, श्रम एवं रोजगार, बैंकों, भेड़ पालन, पशुपालन, पंचायती राज संस्थाओं के अधिकारियों और स्थानीय निवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। लक्षित गांवों की बुनियादी ढांचे तथा आजीविका संबंधी जरूरतों पर चर्चा की।
बैठकों के दौरान विकासात्मक कमियों की पहचान करने और आवश्यक सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित गांवों में जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न केंद्रीय और केंद्र शासित प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के तालमेल को सुनिश्चित करने पर विस्तृत बातचीत हुई।
सभाओं को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने बताया कि पीएम-अजय योजना का उद्देश्य आंतरिक संपर्क सड़कों, ठोस और तरल कचरा प्रबंधन प्रणाली, सौर स्ट्रीट लाइट और सुरक्षित पेयजल जैसी सुविधाएं प्रदान करके बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।
इसके साथ ही कौशल विकास कार्यक्रमों और व्यक्तिगत व सामूहिक संपत्ति निर्माण पहलों के लिए वित्तीय सहायता के माध्यम से आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा, शैक्षिक बुनियादी ढांचे में सुधार और स्कूलों में बच्चों के नामांकन को बढ़ाने के महत्व को भी रेखांकित किया गया।
इस संवादात्मक सत्र में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी देखी गई, जहां ग्रामीणों ने जल निकासी सुविधाओं, सोलर लाइट लगाने और ग्रामीण युवाओं के लिए कौशल विकास के अवसरों से जुड़ी मांगें सामने रखीं।
ग्रामीणों से मिले फीडबैक और सुझावों को संबंधित क्षेत्र के कर्मचारियों द्वारा ग्राम विकास योजनाओं में शामिल करने के लिए दर्ज कर लिया गया। दोनों पंचायतों में आयोजित इन ग्राम सभाओं में 150 से 200 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।