उधमपुर। श्रीनगर को रेल लिंक और चिनाब वेली को संपर्क मार्ग से जोड़ने वाला उधमपुर जिला मुख्यालय एकमात्र प्रमुख गेटवे बन चुका है। ऐसे में उधमपुर की जनता और व्यापारी वर्ग ने भी आगामी बजट में केंद्र सरकार से काफी उम्मीद लगा रखी है। उन्हें उम्मीद है कि बार-बार अनदेखी के कारण मात्र जंक्शन प्वाइंट बना उधमपुर रेलवे स्टेशन बिजनेस हब के रूप में विकसित होगा। इससे कश्मीर के साथ-साथ रामबन, डोडा, भद्रवाह और किश्तवाड़ जैसे पर्यटन स्थलों में ठप हो चुके व्यापार को फिर से उड़ान मिलेगी।
व्यापार मंडल के प्रधान जतिंद्र बरमानी ने कहा कि शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर रेलवे स्टेशन में मुख्य ट्रेनों के स्टापेज में कटौती और कुछ ट्रेनों में मात्र दो मिनट के स्टापेज की वजह से उधमपुर के कारोबार पर बुरा असर पड़ा है। उधमपुर जिला मुख्यालय कश्मीर को रेल मार्ग और किश्तवाड़, डोडा एवं भद्रवाह जैसे महत्वपूर्ण जिलों को सड़क मार्ग से जोड़ता है। ऐसे में ट्रेनों के स्टापेज के साथ वर्ल्ड क्लास लॉजिस्टिक्स और ट्रांस-शिपमेंट हब के रूप में विकसित करने से उधमपुर ही नहीं चिनाब वेली से लगते जिलों सहित कश्मीर घाटी के व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
आगामी बजट में लोग चाहते हैं कि उधमपुर रेलवे स्टेशन यात्रा केंद्र और आधुनिक रेलवे हब के साथ लॉजिस्टिक्स पार्क के नए मॉडल के रूप में विकसित हो ताकि अनदेखी के कारण ठप हो चुके व्यापार को फिर से उड़ान मिल सके। इससे पर्यटन को तो बढ़ावा मिलेगा ही साथ ही रेल लिंक से कटे हुए डोडा, किश्तवाड़ और रामबन जिले के पर्यटन स्थलों को भी बढ़ावा मिलेगा। उधमपुर के साथ ही रेल लिंक से जुड़े कश्मीर के कारोबारी, युवा और पर्यटक भी इस परियोजना का लाभ ले सकेंगे।
- सुभाष चंद्र, समाज सेवक
ट्रांस-शिपमेंट हब से बढ़ेंगे रोजगार
उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक के चालू होने के बाद उधमपुर अब सिर्फ एक स्टेशन नहीं, बल्कि गेटवे बन गया है। व्यापारी व शहरवासी चाहते हैं कि बजट में उधमपुर रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास लॉजिस्टिक्स और ट्रांस-शिपमेंट हब बनाने के लिए विशेष पैकेज की घोषणा की जाए। कश्मीर से आने वाले सेब और ड्राई फ्रूट्स के भंडारण के लिए उधमपुर में आधुनिक कोल्ड स्टोरेज चेन और इनलैंड कंटेनर डिपो स्थापित हो। इससे हजारों स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान होंगे।
- विक्रम सलाथिया, चेयरमैन, व्यापार मंडल
आपात स्थिति में सबसे अहम उधमपुर
प्राकृतिक आपदा, मौसम की मार या भारी बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित होने या फिर रेल यात्रा रुकने पर उधमपुर जिला मुख्यालय ही सबसे बड़े राहत शिविर के रूप में काम करता है। ऐसे में उधमपुर रेलवे स्टेशन को रेलवे हब के रूप में विकसित करने से प्रत्येक वर्ग को लाभ मिलेगा और आपात परिस्थितियों में राहत कार्य व राहत सामग्रियों की उपलब्धता को सुनिश्चित करने में भी आसानी होगी।
- अजय गुप्ता, प्रदेश प्रधान, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन