उधमपुर। शहर के बीचोबीच धार रोड स्थित पोस्ट आफिस के पास एक लावारिस बैग मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह कुछ लोगों ने पोस्ट आफिस के पास एक लावारिस ट्राली बैग पड़े हुए देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैग को अपने कब्जे में ले लिया और पूरे एहतियात बरतते हुए बम निरोधक दस्ते की मदद से बैग की जांच की। जांच के दौरान बैग में कपड़े और कुछ जरूरी सामान बरामद हुआ। इसके बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस बैग को अपने साथ थाने ले गई। कुछ देर बाद बैग का मालिक भी थाने पहुंचा। बताया जा रहा है कि थनाल निवासी राकेश कुमार का बैग यात्रा करते समय गलती से रास्ते में ही छूट गया। उसने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने अपनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बैग को उसके हवाले कर दिया।