बसंतगढ़ दौरे के दौरान अधिकारियों से बात करते हुए डीजीपी।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। डीजीपी नलिन प्रभात ने चल रहे अभियानों की समीक्षा के लिए बसंतगढ़ क्षेत्र का दौरा किया। उनके साथ जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी, सीआरपीएफ के महानिरीक्षक गोपाल राव, उधमपुर के एसएसपी आमोद नागपुरे और सीआरपीएफ व सेना के अधिकारी मौजूद थे।
पुलिस महानिदेशक ने सभी बलों के अधिकारियों के साथ एक संयुक्त बैठक की अध्यक्षता की। इसमें परिचालन तैयारियों, समन्वय और समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने अग्रिम परिचालन ठिकानों पर तैनात कर्मियों से बातचीत की, कठिन परिस्थितियों में उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की और स्थानीय आबादी की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उन्हें सतर्क रहने का आग्रह किया। पुलिस महानिदेशक ने जनता का विश्वास बढ़ाने के लिए सामुदायिक जुड़ाव को मजबूत करने, बेहतर पहुंच और त्वरित शिकायत निवारण पर जोर दिया।
उन्होंने बुनियादी ढांचे के उन्नयन की भी समीक्षा की और प्रभावी प्रतिक्रियाओं के लिए आधुनिक उपकरणों, बेहतर गतिशीलता और प्रौद्योगिकी के बेहतर उपयोग पर जोर दिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य, हाल के घटनाक्रमों और अंतर-एजेंसी समन्वय को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी।