उधमपुर। शहर के वार्ड नंबर 8 और 13 में स्थित जीएमसी अस्पताल को जोड़ने वाली इस्कान मंदिर गली पिछले दो साल से बदहाल है। स्थानीय लोगों के बार-बार विरोध जताने पर भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो लोगों ने ढोल बजाकर अपना रोष व्यक्त किया।
सोमवार सुबह इस्कान मंदिर गली में ढोल की आवाज गूंजने लगी। आसपास रहने वाले लोगों और वहां से सैकड़ों की संख्या में गुजरने वाले राहगीरों को लगा कि किसी के घर शादी समारोह है। किसी ने सोचा कि शायद ढोल बजाकर कोई बड़ी घोषणा होने वाली है, लेकिन चंद ही मिनटों में सारी शंकाएं दूर हो गईं।
स्थानीय युवा गली की खस्ताहालत को लेकर ढोल के साथ विरोध प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे महेश बनाथिया ने बताया कि ढोल बजाकर न सिर्फ स्थानीय लोगों को जगाने का प्रयास था, बल्कि सोए हुए नगर परिषद का भी ध्यान इस जर्जर गली की ओर दिलाने की कोशिश की थी।
उन्होंने बताया कि इस गली की समस्या को लेकर कई बार विरोध किया गया और शिकायतें भी दर्ज कराई गई हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी हों या नगर परिषद के कोई भी गली की जांच तो दूर सू तक लेने नहीं आया। दो साल बीत जाने के बाद भी गली का काम शुरू नहीं किया गया है। यह गली अस्पताल से भी जुड़ती है, इसलिए इसकी खराब हालत लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनी हुई है। गली की बदहाली की वजह से कई बार हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन आज तक समाधान नहीं कर पाया।
उन्होंने कहा कि ढोल बजाकर आवाज उठाने का उद्देश्य सिर्फ इतना है कि प्रशासन तक लोगों की पीड़ा पहुंचे और जल्द से जल्द इस गली की मरम्मत करवाई जाए। मौके पर मौजूद अन्य युवा नेता वरुण भगत ने बताया कि गली बनने के केवल दो महीने बाद ही इसकी हालत खराब होने लगी थी। लोगों ने मांग की है कि बिना देरी किए गली को ठीक करवाया जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों को राहत मिल सके।
कोट
इस्कान मंदिर गली की समस्या हमारे संज्ञान में है। इसकी मरम्मत को लेकर प्रस्ताव तैयार कर अगले प्लान में शामिल कर दिया जाएगा ताकि लोगों को होने वाली परेशानी से निजात मिल सके।
-सद्दाम हुसैन, सीईओ नगर परिषद