उधमपुर। शहर के साथ लगती सुई पंचायत के कोटली बाला गांव में एक तेंदुए का शव गहरी खाई से बरामद हुआ। इसे वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन की टीम ने मौके पर पहुंचकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह कोटली बाला गांव के लोगों ने एक खाई में तेंदुआ पड़ा देखा। मामले की सूचना संबंधित विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची वन्य जीव संरक्षण विभाग की टीम ने इलाके को खंगालने के बाद पूरे सुरक्षा इंतजाम के साथ तेंदुए को निकाला तो वह मरा हुआ था। बताया जा रहा है कि तेंदुए के शरीर पर किसी भी तरह की गंभीर चोट या हमले के निशान नहीं पाए गए। इससे आशंका जताई जा रही है कि दो माह पहले हुई बारिश के कारण जगह-जगह हुई लैंड स्लाइड और जंगलों को पहुंचे नुकसान की वजह से तेंदुए की मौत हुई है। खासकर किसी जानवर का पीछा करते समय या मादा तेंदुए के पीछे भागते समय तेंदुआ क्षतिग्रस्त हिस्से से नीचे गिर गया और गहरी खाई में गिरने से आई अंदरूनी चोटों की वजह से उसकी मौत हो गई।
तेंदुए की उम्र लगभग 5 से 6 साल के बीच बताई जा रही है। बहरहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और शव के संस्कार की तैयारी की जा रही है। इस बारे में वन्य जीव संरक्षण विभाग के कंट्रोल रूम प्रभारी नरोत्तम शर्मा ने बताया कि मौत के सही कारणों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल पाएगा। इसके बाद वन्य जीवन संरक्षण अधिनियम के तहत ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।