उधमपुर। सशस्त्र बलों के लिए पहली क्षेत्रीय प्रधानमंत्री गति शक्ति (पीएमजीएस) एवं रक्षा कार्य संगोष्ठी का आयोजन उत्तरी कमान मुख्यालय में 26-27 अगस्त को किया गया। जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ उत्तरी कमान, लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने स्थानीय आबादी और सशस्त्र बलों की मदद के लिए बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में उत्तरी थियेटर में प्रधानमंत्री गति शक्ति परियोजनाओं के महत्व पर जोर दिया। सेमिनार में पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं पर रक्षा कार्यों के माध्यम से चलाई जा रही परियोजनाओं और समग्र अवसंरचना विकास के साथ उनके एकीकरण पर भी चर्चा हुई।
संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य सैन्य, सरकारी और उद्योग जगत के विशेषज्ञों को एक साथ लाना था, जिन्होंने उत्तरी कमान के दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों में संपर्क में सुधार, रसद लागत में कमी और सशस्त्र बलों की समग्र परिचालन दक्षता को बढ़ाने के लिए नवीन दृष्टिकोणों पर विचार-विमर्श किया। इस कार्यक्रम में गति शक्ति पहल के तहत सशस्त्र बलों की रणनीतिक आवश्यकताओं को पूरा करने में आधुनिक बुनियादी ढांचे की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।
दो दिवसीय सेमिनार ने उत्तरी कमान के अधिकारियों को जम्मू और कश्मीर में बुनियादी ढांचे के विकास के दायरे और नागरिक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में सैन्य आवश्यकताओं को कैसे पूरा किया जाए, इस बारे में गहन जानकारी दी। दोहरे उपयोग वाली बुनियादी ढांचा परियोजनाएं सुरक्षा और रक्षा तैयारियों को बढ़ाते हुए क्षेत्र में विकास लाएंगी।