उधमपुर। समाज कल्याण विभाग ने रविदास मंदिर में सोहम ट्रस्ट के सहयोग से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तीकरण पर एक दिवसीय योग सत्र का आयोजन किया। इस सत्र का आयोजन डीसी सलोनी राय के मार्गदर्शन और जिला समाज कल्याण अधिकारी कनिका गुप्ता की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए समुदाय को शिक्षित और संगठित करना था। संकल्प हब मिशन शक्ति की जिला समन्वयक ज्योति पठानिया ने योग के लाभों जैसे तनाव में कमी, फोकस और एकाग्रता में वृद्धि, बेहतर नींद, चिंता में कमी, सचेतन आदि पर ध्यान केंद्रित किया।
बाद में योग प्रशिक्षक पिंकी अत्री और संजय अत्री ने विभिन्न योग आसन करवाए। कार्यक्रम में एचईडब्ल्यू और ओएससी का स्टाफ, शिक्षक, उम्मीद सदस्य, विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र शामिल हुए। कार्यक्रम का लगभग 250 प्रतिभागियों ने लाभ उठाया। समाज कल्याण विभाग ने योग प्रशिक्षकों, रविदास मंदिर के अध्यक्ष और वहां मौजूद अन्य अधिकारियों को सम्मानित किया