उधमपुर। नेशनल कांफ्रेंस जिला अध्यक्ष ओबीसी सेल अनितुल्लाह ने कहा कि पार्टी हाशिए पर पड़े वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में सरकार पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा करेगी और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करेगी। वह पंचायत रेहंबल वार्ड नंबर 6 में स्थानीय लोगों के एक कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। अनितुल्लाह ने कहा कि वार्ड नंबर 6 की बहुत खराब स्थिति को देखकर हर नागरिक हैरान है। वार्ड नंबर 6 में पानी और बिजली की कमी है, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने अपनी आंखें बंद कर ली हैं।
उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के लिए विभिन्न भावनात्मक मुद्दों पर लोगों की भावनाओं का शोषण करने वाली पार्टियों को अलग-थलग करने की जरूरत है। बैठक में सुरम चंद, अंचल कुमार, निहाल शर्मा, खेम राज, अशोक कुमार, गीता देवी, सपना देवी, बीना देवी, सीमा देवी आदि शामिल थे।