उधमपुर। जम्मू-कश्मीर उद्यमिता विकास संस्थान के उधमपुर केंद्र में एमएसएमई इकाइयों के लिए 6 दिवसीय प्रबंधन विकास कार्यक्रम शुरू किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राजिंदर सिंह ने किया।
वक्ताओं ने बताया कि विश्व बैंक द्वारा समर्थित आरएएमपी योजना एक प्रमुख पहल है जिसका उद्देश्य पूरे केंद्र शासित प्रदेश में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की क्षमताओं और प्रदर्शन को मजबूत करना है। यह योजना एमएसएमई क्षेत्र के विकास के लिए केंद्रीय और केंद्र शासित प्रदेश स्तर के संस्थानों के बीच अधिक तालमेल को बढ़ावा देते हुए बाजार पहुंच, प्रौद्योगिकी अपनाने, वित्तीय समावेशन और क्षमता निर्माण को बढ़ाने पर केंद्रित है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 20 स्थानीय एमएसएमई इकाइयों ने भाग लिया। जिसमें उद्यमियों को व्यवसाय प्रबंधन, परिचालन दक्षता और संस्थागत समर्थन तंत्र में व्यावहारिक अंतर्दृष्टि प्रदान की जाएगी। प्रतिभागियों को डोमेन विशेषज्ञों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ इंटरेक्टिव सत्रों से भी लाभ मिलेगा। उद्घाटन समारोह में सहायक निदेशक प्रियंका गुप्ता और डीएनओ, जेकेईडीआई यशपाल शर्मा और लाइन विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे।