रियासी। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रविवार को विजयपुर नंबल में स्थित मुक्तिधाम श्मशान घाट परिसर में पौधरोपण किया गया। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि रियासी एवं टीम ईको वॉरियर्स के तत्वावधान में राष्ट्रव्यापी अभियान हुआ। इसके अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के छायादार पौधों का रोपण किया गया। पौधरोपण अभियान का उद्देश्य मुक्ति धाम परिसर को छाया युक्त, स्वच्छ और हरा-भरा बनाना है। कार्यक्रम पर्यावरण प्रहरी एवं पर्यावरण संरक्षक गतिविधि के जिला संयोजक राज कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुआ। इसमें स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने, उनकी देखभाल करने तथा प्रकृति को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया गया। यह छोटा-सा प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, सुंदर और हरित वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।