रियासी। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। उपमंडल मजिस्ट्रेट माहौर ने आदेश जारी करते हुए माहौर–रियासी मार्ग पर रात आठ बजे के बाद सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है।
प्रशासन के अनुसार खराब मौसम और पहाड़ियों से लगातार पत्थर व मलबा गिरने की आशंका के चलते यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश अगले निर्देश तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने सभी नागरिकों, वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि वे आदेश का सख्ती से पालन करें, रात के समय इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही सफर करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।