रियासी। सिला पंचायत में बुधवार देर शाम आग लगने की घटना हुई। आग लगने से घर के भीतर पड़ा सारा सामान जल गया। सिला के वार्ड तीन निवासी पीड़ित अजीत सिंह ने बताया कि वह और घर के अन्य सदस्य रसोई में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान घर के एक हिस्से में आग लग गई। जब तक उन लोगों को आग लगने की घटना के बारे में पता चला तो आग घर के कई हिस्सों में फैल चुकी थी। आग की चपेट में आकर सारा सामान भी जल कर ख़ाक हो गया। आग के भीषण होते ही इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। स्थानीय लोगों ने पानी की बाल्टी भर कर आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन वह आग को बुझाने में ज्यादा सफल नहीं हो सके। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सारा सामान आग की भेंट चढ़ चुका था। कांग्रेस के प्रदेश सचिव करन दीप सिंह भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। घर के भीतर आग कैसे लगी। इसके कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक दृष्टि में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट होना ही बताया जा रहा है। आग लगने की घटना का पता चलते ही गांव के अन्य लोग भी पहुंचे और उन्होंने पीड़ित अजीत सिंह के हुए नुकसान के प्रति संवेदना व्यक्त की।