रियासी। सावलाकोट हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट का हेडक्वार्टर ज्योतिपुरम में बनाए जाने की मांग मुखर हुई है। स्थानीय लोगों ने एलजी, प्रदेश प्रशासन, सांसद और विधायक से प्रोजेक्ट के लिए ज्योतिपुरम कॉलोनी को सबसे बेहतरीन विकल्प बताया। नगर परिषद के पूर्व वाइस चेयरमैन सुदेश पंडोत्रा ने कहा कि जब सलाल डैम बना था तो ज्योतिपुरम में अधिकारियों और कर्मचारियों के रहने के लिए कॉलोनी बनाई गई थी। आज के समय में भी वहां पर काफी सारे क्वार्टर हैं। मौजूदा समय के दौरान भी प्रोजेक्ट कर्मचारी वहां रहते हैं। एनएचपीसी ने अपना कार्यालय भी खोल रखा है। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय से ज्योतिपुरम की दूरी लगभग दस किलोमीटर है। ज्योतिपुरम से सावलाकोट जाने के दो विकल्प हैं। वाया कंथान, कौड़ी से वहां जाने का रास्ता दूर है लेकिन वाया बक्कल का रास्ता काफी नजदीक और आसान है।