रियासी। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने रिश्वत लेते हुए हवलदार को गिरफ्तार किया है। एसीबी ने यह कार्रवाई शिकायत पर की। आरोपी हवलदार परवेज अहमद को स्थानीय बस अड्डे से पकड़ा गया। आरोपी हवलदार इस समय पुलिस पोस्ट तलवाड़ा में तैनात है। पीडब्ल्यूडी के गैस्ट हाउस में आरोपी से पूछताछ जारी है।
मोहार निवासी शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया था कि हवलदार उससे वाहन जब्ती के मामले में राहत देने के बदले 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था। पांच हजार रुपये सोमवार को देना तय हुआ था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने बस स्टैंड में जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही परवेज अहमद ने रिश्वत के पांच हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।