रियासी। जिले में गणतंत्र दिवस को लेकर उपायुक्त निधि मलिक ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिला मुख्यालय में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह जनरल जोरावर सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। यहां मुख्य अतिथि की तरफ से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और मार्च पास्ट परेड की सलामी ली जाएगी। उपायुक्त ने इस बात पर जोर दिया कि समारोह में देशभक्ति अनुशासन और सक्रिय जनभागीदारी की भावना झलकनी चाहिए।
परेड व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैठने की व्यवस्था, यातायात नियमन, स्वच्छता, बिजली-पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्नि सुरक्षा और समारोह के सभी प्रमुख पहलुओं पर विस्तृत विचार विमर्श किया। संबंधित विभागों को अपने अपने कार्यों का त्रुटिहीन निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए निकट समन्वय में कार्य करने का निर्देश दिया गया। बैठक में एसएसपी ने भीड़ प्रबंधन यातायात नियंत्रण और चौबीसों घंटे निगरानी के लिए पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सहित पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था का आश्वासन दिया। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।