रियासी में प्रदर्शन करते ट्रांसपोर्टर।
- फोटो : reasi news
रियासी। वाहनों का फिटनेस प्रमाण पत्र सांबा जाकर बनवाने के विरोध में शुक्रवार दूसरे दिन भी ट्रांसपोर्ट यूनियन के सदस्य हड़ताल पर रहे। इसके चलते जिले के विभिन्न रूटों पर चलने वाले वाहनों के पहिए थमे रहे। शुक्रवार सुबह से ही मिनी बस, ऑटो, टेंपो यूनियन के सदस्य बस अड्डे पर जुटे रहे। सभी वाहन चालकों को हड़ताल का पूरा समर्थन दिए जाने की अपील की गई थी। व्यापक रूप से की गई हड़ताल का असर पूरी तरह से दिखा।
दोपहर को यूनियन के सदस्यों ने बस अड्डे पर एक साथ मिलकर नारेबाजी की। इस दौरान सभी ने एक सुर में फिटनेस प्रमाण पत्र सांबा में जाकर बनवाने का विरोध किया। बताया कि रियासी के किसी भी हिस्से से सांबा जाने से उनका नुकसान होगा। कोरोना काल के बाद वाहन चालक पहले से ही घाटे में चल रहे हैं। अब उन पर एक नया कानून थोपा जा रहा है जोकि उन्हें मंजूर नहीं है। वहीं हड़ताल के जारी रहते हुए यात्री परेशान हुए। परेशान यात्रियों ने टेंपो स्टैंड पर इकट्ठे होकर सड़क मार्ग को बंद कर दिया। उन्होंने अपनी परेशानी बताते हुए नारेबाजी की।
लोगों ने कहा कि सरकार को उनकी यात्रा संबंधित समस्या को देखते हुए सरकारी वाहनों का इंतजाम करना चाहिए था ताकि एक स्थान से दूसरी जगह जाने वाले यात्री दरबदर नहीं हो पाते। मौके पर एसएचओ ख्यातिमान खजूरिया व उनकी टीम ने पहुंच कर प्रदर्शनकारियों के साथ बात की। इसके साथ ही रास्ता भी खुलवाया गया। यूनियन के सदस्यों ने ऑटो तक चलने नहीं दिया जहां तक कि ई रिक्शा भी रोक कर रखे गए। हड़ताल के चलते हुए सैकड़ों यात्री वाहनों के पहिये थमे रहे।