रियासी। डीसी निधि मलिक ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक की। मुख्य कृषि अधिकारी ने बताया कि पीएमएफबीवाई केंद्र सरकार की प्रमुख फसल बीमा योजना है। इसका उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं कीटों और बीमारियों के कारण फसल के नुकसान या विफलता के खिलाफ व्यापक बीमा कवर प्रदान करना है। डीसी ने बैंक अधिकारियों और बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपने प्रयासों को तेज करें और प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करें ताकि रबी फसल के 5,602 हेक्टेयर के लक्ष्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राप्त किया जा सके। जागरूकता और संपर्क के महत्व पर जोर देते हुए डीसी ने कृषि अधिकारियों को किसानों को योजना के लाभों के बारे में सक्रिय रूप से सूचित करने और उन्हें जागरूक करने का निर्देश दिया। बैठक में एडीडीसी सुखदेव सिंह, सीपीओ नरिंदर कुमार, सीएओ विनोद कुंडल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।