रियासी। नगर की खस्ताहाल गलियों व नालियों की स्थिति को सुधारने के लिए डेढ़ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत कई गलियों को बनाने का काम शुरू हो गया है। विधायक कुलदीप राज दुबे ने अपने निजी विधानसभा विकास निधि से डेढ़ करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसके बाद लोक निर्माण विभाग की तरफ से टेंडर प्रक्रिया की गई।
मौजूदा समय के दौरान वार्ड चार, नौ और बारह में गलियों को बनाने का काम जारी है। वार्ड चार निवासी अश्वनी ने बताया कि उनकी एक गली की काफी खस्ताहाल स्थिति थी। पिछले कई दिनों से गली का काम जारी है। गली की छोटी नाली को बड़ी कर उसे बीच में से निकाला गया है। वार्ड बारह में रहने वाले सुनंदन शर्मा ने बताया कि गली तो थी लेकिन न तो टाइल पड़ी थी और न ही कंक्रीट थी। अब गली बनेगी तो लोगों की परेशानी दूर होगी। भारतीय जनता पार्टी के शहरी प्रधान अंकुश नरगोत्रा ने बताया कि विधायक से की गई मांग के बाद और उनके अथाह प्रयास के बाद पूरे नगर में विभिन्न प्रकार के विकास कार्य जारी हैं। इसका लाभ लोगों को मिलेगा।