रियासी। उपायुक्त निधि मलिक ने पल्स पोलियो कार्यक्रम के तहत टीकाकरण को लेकर की बैठक की। बैठक में 21 दिसंबर को निर्धारित राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस की तैयारियों की समीक्षा और अंतिम रूप दिया गया। इसके बाद 22 और 23 दिसंबर को घर घर जा कर टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। बैठक के दौरान बताया गया कि जिले का लक्ष्य 58,808 बच्चों का टीकाकरण करना है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए चार ब्लॉकों में 384 टीकाकरण बूथ स्थापित किए जाएंगे। उपायुक्त ने टीकों की आपूर्ति, कर्मचारियों की तैनाती और अभियान के लिए विस्तृत सूक्ष्म योजना की समीक्षा की। डीसी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे एनआईडी पर सौ प्रतिशत बूथ सक्रियता सुनिश्चित करें और व्यवस्थित घर-घर जा कर सत्यापन के माध्यम से टीकाकरण अभियान के दौरान एक भी बच्चा छूटने न पाए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि फील्ड टीमों को यह सुनिश्चित करने के लिए समर्पित प्रयास करने होंगे कि प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो का टीका लगे।