केंद्रीय रेलवे मंत्री को ज्ञापन देते विधायक व सांसद।
- फोटो : reasi news
रियासी। विधायक कुलदीप राज दुबे और जम्मू के सांसद जुगल किशोर शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को रियासी में रेलवे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर दो ज्ञापन सौंपे। उन्होंने रेल मंत्रालय से कटड़ा और श्रीनगर के बीच स्थानीय यात्री ट्रेन सेवा को पुन शुरू करने का आग्रह किया। कौड़ी स्टेशन पर भी ट्रेन के ठहराव का अनुरोध किया।
उन्होंने वंदे भारत ट्रेन को रियासी में रुकने की अनुमति देने के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया। इससे स्थानीय लोगों, छात्रों और तीर्थयात्रियों के लिए यात्रा काफी आसान हो गई है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चिनाब पुल और अंजी खड्ड पुल सहित अन्य प्रमुख स्थानों की तरफ बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के लिए एक विशेष पर्यटक ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि केआरसीएल की नौकरियों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए क्योंकि इस परियोजना से कई परिवार प्रभावित हुए हैं।
विधायक ने रेल लिंक परियोजना बनाने के दौरान सुरंग निर्माण में क्षतिग्रस्त हुए जलस्रोतों की तत्काल बहाली की मांग की और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण के साथ ही डंपिंग यार्डों के उचित प्रबंधन का आग्रह किया। इसके अलाव यूएसबीआरएल निर्माण कार्य के दौरान अपनी जमीन पर खेती न कर पाने के कारण भारी कृषि हानि झेलने वाले किसानों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सरकार से सभी प्रभावित किसानों को शीघ्र और उचित मुआवजा देने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि इन मुद्दों का समाधान होने से यूएसबीआरएल परियोजना के तहत होने वाला विकास रियासी के लोगों को वास्तविक राहत और दीर्घकालिक लाभ पहुंचाएगा।