धरने पर बैठे सलाल पावर स्टेशन के अस्थाई कर्मचारी।
- फोटो : reasi news
रियासी। सलाल पावर स्टेशन में कार्यरत अस्थायी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार से धरने पर बैठ गए। उन्होंने ऐलान कर दिया है कि जब तक उन की मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं होगा तब तक सलाल पावर प्रोजेक्ट में कोई काम नहीं होगा।
सलाल पावर स्टेशन जम्मू-कश्मीर की सबसे अहम बिजली परियोजनाओं में से एक है जो करीब 690 मेगावाट बिजली पैदा करता है। वर्करों की हड़ताल के चलते यहां उत्पादन ठप होने का खतरा मंडरा रहा है।
धरने पर बैठे वर्कर राज सिंह, रणवीर सिंह, राकेश सिंह का कहना है कि उन्हें लंबे समय से नियमित करने और अन्य सुविधाओं को लेकर बार बार आश्वासन दिया गया लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन अब उन्होंने काम रोक कर संघर्ष तेज कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर इतना बड़ा प्रोजेक्ट बंद हुआ तो न सिर्फ बिजली संकट गहराएगा बल्कि इलाके के सैकड़ों परिवारों की रोज़ी-रोटी पर भी असर पड़ेगा।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और एनएचपीसी प्रशासन से अपील कि जल्द से जल्द वर्करों की जायज़ मांगों का समाधान निकाला जाए ताकि बिजली उत्पादन फिर से पटरी पर लौट सके।