रियासी। जिले में बुधवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने जिला के कई इलाकों में जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया। दुकानदारों को बारिश में अपनी दुकान लगाने के लिए मुश्किल उठानी पड़ी। बारिश से दरिया चिनाब के साथ ही अंजी तवी में भी पानी का जलस्तर बढ़ गया है।
जिले के पहाड़ी इलाकों में स्थित नाले भी उफान पर रहे। माहौर, गुलाबगढ़ व भमाग के ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे ज्यादा बारिश होने की सूचना है। बारिश से कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ। जिला मुख्यालय से टोट व सुजनधार जाने वाली एकमात्र सड़क पर पस्सी गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया। हर प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। डेरा बाबा बंदा बहादुर में भी भी चुंबियां इलाके में बारिश से खड्ड में आए पानी के बहाव के साथ पत्थर व मिट्टी का मलबा बह कर सड़क पर आ गया। पौनी मार्ग पर खेरल इलाके में भी एक पहाड़ी का मलबा पानी के साथ बहकर सड़क पर आ गया। थोड़े समय के लिए वाहनों को रोक दिया गया। बाद में मलबे को एकतरफ कर वाहनों की आवाजाही को सुनिश्चित किया गया। लगभग दो घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। संवाद