पौनी। पंचायत कुंड खनयाड़ी के गांव सैली खंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई सड़क पिछले पांच दिनों से बारिश व भूस्खलन से कई स्थानों से टूट गई है। सड़क के किनारे लगा डंगा भी ढह गया है। इस कारण यातायात बंद हो गया है। स्थानीय निवासी काकू राम, समीर शर्मा व सुनील कुमार ने बताया कि पांच दिनों से भी ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी विभाग ने रोड को ठीक करने का काम शुरू नहीं करवाया।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के एईई बलविंदर ने बताया कि हमें जानकारी है कि पिछले कुछ दिनों से कस्बे में हो रही लगातार बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। हर दिन बारिश हो जाती है. इस रोड में डंगा गिर जाने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के किनारे टूटी हुई जगह पर क्रेट डाले जाएंगे। ठेकेदार को कह दिया गया है जिस दिन बारिश रुकती है उसी दिन काम को शुरू कर दिया जाएगा।