पौनी। पुरिया में शुक्रवार को हुए विशाल वार्षिक दंगल में आए पहलवानों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दंगल में बड़ी माली के लिए जय भगवान हरियाणा व मनीर जम्मू के बीच रोमांचक मुकाबला रहा। इसमें मनीर पहलवान ने बाजी मारी। उन्हें नकद आठ हजार रुपये और उपविजेता को सात हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। दूसरी माली के लिए संजय जम्मू व शब्बीर मलेरकोटला पंजाब के बीच भिड़ंत रही। इसमें मलेरकोटला के पहलवान ने बाजी मारी। उन्हें सात हजार रुपए और उपविजेता को छह हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
तीसरे नंबर की माली के लिए बलवान रियासी व बलविंदर दिल्ली के बीच मुकाबला हुआ। यह मुकाबला काफी देर चला, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इस पर आयोजकों ने प्वाइंट पर कुश्ती करवाई। इसमें बलवान रियासी विजेता रहे। उन्हें पांच हजार रुपए और उपविजेता पहलवान को चार हजार रुपए दिए गए। चौथी माली के लिए जरनैल रियासी व सुरेश पठानकोट के बीच मुकाबला हुआ। यह मुकाबला भी काफी रोमांचक रहा। दोनों पहलवानों ने खूब तालियां बटोरीं। अंत में जीत जरनैल रियासी की हुई। जरनैल को चार हजार रुपये और उपविजेता पहलवान को तीन हजार रुपए दिए गए। दंगल में नब्बे के करीब छोटी व बड़ी कुश्तियां कराई गईं। इसमें पूर्व सरपंच माड़ी नाला प्रकाश सिंह मुख्य अतिथि रहे। संवाद