रियासी। जिले के सिरला भागा गांव में बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान 25 वर्षीय विजय कुमार पुत्र मनी राम निवासी सिरला भागा के रूप में हुई।
घर से कुछ ही दूरी पर मिले मृतक के चेहरे पर चोट के निशान हैं। बताया जाता है कि बुधवार सुबह कुछ लोगों ने शव पड़ा देखा। इसकी सूचना गांव के अन्य लोगों को दी गई। इसके साथ ही रियासी पुलिस स्टेशन को भी सूचना दी गई। जानकारी मिलने के बाद पुलिस की एक पार्टी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। मृतक दिहाड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। एसएचओ रंजीत सिंह राव ने लोगों को आश्वासन दिया कि मामले की पूरी जांच होगी। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को शक के तौर पर पकड़ा है। उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है कि पकड़ा गया व्यक्ति किसी बाहरी राज्य का है। इलाके में वह कूड़ा करकट बिनने का काम करता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।