किश्तवाड़। मतदान केंद्र बागवान मोहल्ला मिडिल स्कूल में फर्जी मतदान के आरोप पर भाजपा प्रत्याशी शगुन परिहार और पीडीपी प्रत्याशी फिरदौस अहमद टाक में विवाद हो गया। नौबत धक्कामुक्की पर आ गई। पुलिस ने दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं को खदेड़ा। इसके चलते मतदान कुछ देर के लिए ही बंद रहा।
मतदान केंद्र में बूथ नंबर 86 व 94 पर शिकायत मिल रही थी कि बिना पहचान पत्र के बुर्का लगाकर फर्जी मतदान हो रहा है। इस पर भाजपा प्रत्याशी शगुन परिहार ने एतराज जताया। उन्होंने बिना पहचान के किसी को भी मतदान न करने देने की मांग की।
कुछ देर बाद पीडीपी प्रत्याशी फिरदौस अहमद टाक भी वहां पहुंच गए। शगुन परिहार का आरोप है कि टाक ने उनके साथ बदसलूकी की। इस पर पुलिस अधिकारी ने बीच-बचाव किया। इस बीच दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की भी हुई। टाक का आरोप है कि अधिकारी ने उन्हें थप्पड़ मारा। उनके समर्थक इश्तियाक अहमद वाजा और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अक्षय शर्मा के बीच भी हाथापाई हुई। उनका आरोप है कि बचाव कर रहे उनके अंगरक्षक पर भी हाथ उठाया गया। इसमें उनकी टोपी भी गिरा दी गई। जिला चुनाव अधिकारी राजेश कुमार शवन, एसएसपी अब्दुल क्यूम व किश्तवाड़ के रिटर्निंग अधिकारी पवन कोतवाल सहित बड़ी संख्या में सुरक्षाबल के जवान पहुंचे। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी।