रियासी। जिले की चसाना तहसील के शिकारी में आतंकी मुठभेड़ के बाद से तलाशी अभियान जारी है। सोमवार को चौथे दिन सेना, पुलिस और एसओजी के जवान जंगल सहित पहाड़ के चप्पे-चप्पे को खंगाल रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई कामयाबी नहीं मिली है।
इसमें ड्रोन और स्थानीय ग्रामीण रक्षा गार्ड (वीडीजी) की भी मदद ली जा रही है। जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंद कर अभियान जारी रखा है, लेकिन इलाका बड़ा, जंगली और पहाड़ी होने के चलते समय ज्यादा लग रहा है। सुरक्षा बल बड़ी एहतियात के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
सुरक्षा बलों का मानना है कि आतंकी के जंगल के घने इलाके और किसी पहाड़ी खोह (गुफा) में छिपने की संभावना है। गौरतलब है कि जिले में दूसरे चरण के तहत 25 सितंबर को मतदान होना है। चसाना तहसील और शिकारी इलाका गुलाबगढ़ विधानसभा के अंतर्गत आता है। इसके चलते सुरक्षाबलों की ओर से सतर्कता बरती जा रही है।