डोडा। तीस वर्षों तक डोडा मुख्य रूप से आतंकवाद और आतंकवादी मुठभेड़ों की घटनाओं के लिए सुर्खियों में रहा। पहली बार क्षेत्र में शांति लौटी है। लोग सामान्य तरीके से जीवन यापन कर पा रहे हैं। 10 वर्षों में यहां तेजी से विकास हुआ है। यह बातें केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोमवार को डोडा विस क्षेत्र के मरमत के ऊपरी क्षेत्र में बैठक को संबोधित करते हुए कही।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि डोडा जो परंपरागत रूप से सांप्रदायिक सद्भाव के लिए जाना जाता था, कांग्रेस की विभाजनकारी राजनीति के कारण अपने समग्र सांस्कृतिक चरित्र को नष्ट कर रहा था। पहली बार समान हिस्सेदारी की संस्कृति शुरू हुई है। उन्होंने पहाड़ियों की ओर देखते हुए कहा कि 10 साल पहले इन सभी बस्तियों में कच्चे घर थे। आज एक भी कच्चा घर नहीं दिखाई देता।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि 10 वर्षों के विकास का आकलन सड़कों के नेटवर्क से किया जा सकता है। नया राष्ट्रीय राजमार्ग 244 मरमत क्षेत्र से होकर बन रहा है। इसमें उनका पैतृक गांव कलोटा भी शामिल है। यह वह क्षेत्र है, जहां एक समय में मोटर वाहन देखने को नहीं मिलता था। अब आधुनिक राष्ट्रीय राजमार्ग से व्यापार, राजस्व और रोजगार पैदा होंगे। इस दौरान भाजपा उम्मीदवार शक्ति राज परिहार सहित अन्य मौजूद रहे।