हायर सेकेंडरी स्कूल चिनैनी के मैदान में क्रिकेट कप प्रतियोगिता जारी
सेमीफाइनल मुकाबले में 30 रन से दी शिकस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। हायर सेकेंडरी स्कूल चिनैनी के मैदान में चिनैनी क्रिकेट कप प्रतियोगिता जारी है। रविवार को एक सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें थंडरबोल्ट की टीम ने ट्रिपल सी को हराकर फाइनल में जगह बनाई है।
ट्रिपल सी की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। थंडरबोल्ट की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में नौ विकेट पर 138 रन बनाए और जीत के लिए 139 रनों का लक्ष्य दिया। बल्लेबाज मुन्ना मन्हास ने 13 गेंद में सर्वाधिक 32 रनों की पारी खेली। ट्रिपल सी की ओर से कप्तान एवं गेंदबाज रमन सलारिया ने दो ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रिपल सी की टीम 10 ओवर में सात विकेट खोकर 109 रन ही बना पाई और 30 रन से मुकाबला हार कर प्रतियोगिता से बाहर हो गई। टीम के कप्तान रमन सलारिया ने 17 गेंद में सर्वाधित 29 रन बनाए, लेकिन वह जीत के लिए नाकाफी साबित हुए।
थंडरबोल्ट टीम के गेंदबाज निंजा ने एक ओवर में नौ रन देकर दो विकेट हासिल किए। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए थंडरबोल्ट के बल्लेबाज मुन्ना को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।