डोडा। पुलिस ने गंदोह थाना क्षेत्र के काहरा में हुई चोरी की वारदात सुलझाते हुए करीब 6 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए। मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। इसमें एक नाबालिग भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार 21 जुलाई 2026 को पुलिस पोस्ट काहरा में एक शिकायत मिली। इसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि 13-14 जुलाई की मध्य रात अज्ञात चोर उसके घर के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना गंदोह में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, लगातार छानबीन और सघन जांच के आधार पर मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया। जांच के दौरान चोरी किए गए सभी सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपियों की पहचान मोहम्मद इस्माइल निवासी पशल्ला टिपरी जिला किश्तवाड़, एक नाबालिग तथा हिमांशु वर्मा निवासी सुकराला बिलावर जिला कठुआ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक यह जांच भी की जा रही है कि आरोपी किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में भी शामिल रहे हैं या नहीं।