डोडा। लगातार हो रही बारिश के कारण पुल डोडा से घट (फुरकानाबाद) को सीधे जोड़ने वाला सड़क मार्ग जलमग्न हो गया है। इससे क्षेत्र में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सड़क पर पानी भर जाने के कारण इसे वाहनों की आवाजाही के लिए असुरक्षित घोषित कर दिया गया है और प्रशासन ने पानी का स्तर कम होने तक इस मार्ग पर यातायात रोक दिया है।
मार्ग बंद होने के कारण अब लोगों को पुल डोडा से घट जाने के लिए डोडा शहर से होकर वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। इससे यात्रियों को दस किलोमीटर की अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करें तथा जलमग्न सड़क को पार करने का प्रयास न करें। अधिकारियों ने बताया कि पानी का स्तर सामान्य होने और मार्ग को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही इस सड़क पर यातायात दोबारा बहाल किया जाएगा।
लोग अपने घर छोड़ने के लिए तैयार नहीं
वहीं लिंक सडक मार्ग डोडा भागवाह, डोडा देसा, भद्रवाह और राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 244 डोडा जम्मू को कई स्थानों पर भूस्खलन और पस्सियां गिरने की वजह से दूसरे दिन भी बंद रखा गया है। पुल डोडा में पानी का जलस्तर दिन प्रतिदिन बढ़ने की वजह से पुरानी सड़क और पुराना पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है। कुछ लोग इन हालत में भी अपने घरों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हमारे पास रहने के लिए कोई और स्थान नहीं है और हम अपने जीवन की इस सारी जमापूंजी को छोड़ कर कहां जाएं। शाम के समय ये लोग अपने रिश्तेदारों के घर रात बिता रहे हैं और दिन को अपने इन डूबते घरों में।