किश्तवाड़। जिले के केशवान क्षेत्र के बलाना गांव में देर शाम आग लगने से तीन मंजिला रिहायशी मकान जल गया। यह मकान सज्जाद हुसैन मीर पुत्र अली मोहम्मद मीर का बताया जा रहा है। घटना उस समय हुई जब अचानक मकान में आग लग गई, देखते ही देखते लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन मकान सड़क से दूर होने के कारण दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकीं। ग्रामीणों ने पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे और मकान पूरी तरह जल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को त्वरित राहत सहायता प्रदान की जाए ताकि वह फिर से अपने जीवनयापन की व्यवस्था कर सके।