उधमपुर शहर के आदर्श कॉलोनी मोहल्ले से रविवार रात चोर घर के बाहर पार्क किए गए लोड कैरियर वाहन की बैटरियां चोरी कर ले गए। सुबह जब वाहन के मालिक को इसका पता चला तो उसने पुलिस को इसके बारे में सूचना दी। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वाहन के मालिक शिव दत्त ने बताया कि रात को वाहन को घर के बाहर पार्क किया था। सुबह जब काम पर निकलने लगा तो वाहन के अंदर से बैटरी ही गायब थी। बैटरी गायब देख कर परेशान हो गया और इसके बारे में पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी। वहीं शिव दत्त ने बताया कि दूसरी बार उसके वाहन की बैटरी चोरी हुई है। कुछ महीने पहले भी चोर बैटरी चोरी कर गए थे और आज तक न तो चोरों का पता और न ही बैटरी मिली है।
शहरवासियों का कहना है कि आए दिन चोर कभी वाहनों की बैटरी चोरी कर रहे हैं तो कभी टायर चोरी कर रहे हैं। इनका पता अभी तक पुलिस लगा नहीं पाई। उनकी मांग है कि पुलिस इसको लेकर सख्ती के साथ जांच करे और चोरों का पता लगाए। पिछले कुछ दिनों से लगातार वाहन चोरी की घटनाएं भी बढ़ गई हैं।