कटड़ा। विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत रियासी जिले में मतदान होने हैं। इसके तहत बुधवार को प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 सितंबर को कटड़ा पहुंचेंगे। वह श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के स्पोर्ट्स स्टेडियम में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसे देखते हुए सुरक्षा चाक चौबंद है।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्टेज व पंडाल बनाने का कार्य पूरा हो चुका है। बुधवार को प्रधानमंत्री के गुजरने वाले काफिले के मार्ग पर एसपीजी कमांडो ने रिहर्सल कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। कटड़ा रेलवे स्टेशन के पास बने हेलिपैड से लेकर स्टेडियम में बने पंडाल तक तैयारियों को पुख्ता किया गया।
सीआईएसएफ, सीआरपीएफ और बीएसएफ सहित पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री धर्मनगरी में रोड शो भी कर सकते हैं। नवगठित श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा सीट पर पूरे देश की नजरें हैं। इसके चलते प्रधानमंत्री वीरवार को कश्मीर के बाद धर्मनगरी में जनता को संबोधित करेंगे। बारीदारों की केंद्र सरकार के प्रति नाराजगी है। प्रधानमंत्री ने 2014 में उधमपुर में जनसभा के दौरान बारिदारों की मांग पूरी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है।